रांची । झारखंड के आठ जिलों में 10 और 11 नवंबर को कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने शनिवार को यह जानकारी दी। विभाग के अनुसार, राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज और धनबाद में बारिश हो सकती है। इसके अलावा अगले पांच दिनों के दौरान राज्य के न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने की संभावना है। हालांकि, इस दौरान अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव के आसार नहीं हैं। पिछले चार-पांच दिनों से न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट के कारण राज्य में ठंड बढ़ने लगी है।

पिछले 24 घंटों के दौरान गुमला में न्यूनतम तापमान गिरकर सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान कोडरमा में 33.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शनिवार को राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा। कुछ स्थानों पर सुबह हल्का कुहासा छाया रहा, जिसके बाद धूप खिल गई। शनिवार को रांची में अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31.6 और न्यूनतम 18.8 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 31 और न्यूनतम 16.6 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 28.2 और न्यूनतम 16.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 32.4 और न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।



