चाईबासा । पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गयी। मृतक की पहचान मुख्य रेंगालबेड़ा गांव निवासी सुजीत महतो के रूप में हुई है। वह अचानक बीमार हुए अपने पिता ललित महतो को इलाज के लिए बाइक से मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जा रहा था।
इसी दौरान मनोहरपुर-धानापाली मुख्य मार्ग पर सिमिरता गांव के समीप सड़क पर अचानक गाय आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। हादसे में सुजीत के सिर में गंभीर चोट लगी और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। उसके पिता ललित महतो को हादसे में मामूली चोटें आयी हैं।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात ललित महतो की अचानक तबीयत बिगड़ गयी थी। उनकी हालत को देखते हुए पुत्र सुजीत उन्हें बाइक पर बैठाकर इलाज के लिए मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने के लिए निकला। रात करीब 12 बजे दोनों सिमिरता गांव के पास पहुंचे थे।
इसी दौरान अचानक एक गाय बाइक के सामने आ गयी। गाय को बचाने के प्रयास में सुजीत ने बाइक को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन बाइक सड़क पर अनियंत्रित होकर गिर गयी। दुर्घटना में सुजीत के सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। हादसे के बाद घायल पिता ललित महतो ने किसी तरह फोन से परिजनों को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और सुजीत को तत्काल मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर मनोहरपुर थाना प्रभारी अम्मीएल एक्का पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। बुधवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर भेज दिया गया। युवक की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है।


