रांची । रांची जिले के रातू थाना क्षेत्र स्थित चटकपुर में जनगणना कार्य के दौरान एक कर्मी को सांप ने डंस लिया। घटना के बाद गंभीर हालत में कर्मी को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनगणना कर्मी सुभेन केरकेट्टा (एचबीएल संख्या-199) मंगलवार को चटकपुर क्षेत्र में घर-घर जाकर सर्वेक्षण कार्य कर रहे थे। इसी दौरान एक घर के पास झाड़ियों में छिपे सांप ने उन्हें डंस लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और अन्य कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत सुभेन केरकेट्टा को प्राथमिक उपचार दिया और बाद में उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। फिलहाल उन्हें आईसीयू में रखा गया है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद जनगणना कार्य में लगे कर्मियों ने प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आपातकालीन चिकित्सा किट उपलब्ध कराने की मांग की है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


