पूर्वी सिंहभूम । साइबर अपराध के एक बड़े मामले की जांच के तहत केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मंगलवार को जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत टुईलाडुंगरी स्थित सरस्वती नगर में व्यापक छापेमारी की। रांची और पंजाब से आई सीबीआई की संयुक्त टीम ने एक आवास पर करीब चार घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई पूरी होने के बाद टीम राजदीप सिंह को पूछताछ के लिए अपने साथ गोलमुरी थाना ले गई। यहां जांच के दौरान परिवार द्वारा दी गई जानकारी की जांच के बाद अधिकारियों को पता चला कि वे गलत पते पर पहुंच गए हैं।
सीबीआई की टीम सुबह ही सरस्वती नगर पहुंच गई थी। अधिकारियों ने घर की गहन तलाशी लेते हुए महत्वपूर्ण दस्तावेजों का सत्यापन किया और मोबाइल फोन, लैपटॉप समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी जांच की। इस दौरान आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पूरे इलाके में कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई साइबर ठगी से जुड़े एक ऐसे मामले की जांच का हिस्सा है, जिसमें एक बैंक खाते के माध्यम से लाखों रुपये के संदिग्ध लेनदेन की बात सामने आई है।


