नई दिल्ली । आयुर्वेद में इलायची को औषधीय गुणों का खजाना माना गया है, जो शरीर को कई तरह से लाभ पहुंचाती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, गर्मी के मौसम में पाचन तंत्र कमजोर हो जाता है, जिससे अपच, गैस और एसिडिटी की शिकायतें बढ़ जाती हैं। ऐसे में भोजन के बाद एक इलायची चबाने से हाइपर एसिडिटी को नियंत्रित करने में मदद मिलती है। इससे खट्टी डकारें, सीने में जलन और पेट का भारीपन कम होता है। वहीं, गर्मी के कारण गले में खराश, खांसी और आवाज बैठने जैसी समस्याएं भी सामने आती हैं। ऐसी स्थिति में 1-2 इलायची को धीरे-धीरे चबाने से उसका रस गले तक पहुंचता है, जिससे गले को राहत मिलती है और जलन कम होती है। मुंह के छाले भी इस मौसम में काफी आम हो जाते हैं, जिससे खाने-पीने में परेशानी होती है।
इलायची को मिश्री के साथ चबाने से छालों की जलन और दर्द में कमी आती है और वे जल्दी ठीक होने लगते हैं। इसके अलावा, इलायची हिचकी रोकने में भी कारगर मानी जाती है। यदि बार-बार हिचकी आ रही हो, तो इलायची चबाने या उसका पाउडर पानी के साथ लेने से तुरंत राहत मिल सकती है। इलायची का एक अन्य महत्वपूर्ण लाभ यह है कि यह मुंह के बैक्टीरिया और संक्रमण को दूर करने में मदद करती है। नियमित रूप से भोजन के बाद इलायची चबाने से मुंह की दुर्गंध खत्म होती है और दांत स्वस्थ रहते हैं।
इसमें मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण शरीर की सूजन को कम करने और संक्रमण से बचाव में सहायक होते हैं। इलायची का सेवन कई तरीकों से किया जा सकता है। इसे चाय या दूध में डालकर उबाल सकते हैं या सीधे चबाकर भी खाया जा सकता है। गर्मियों में इलायची युक्त पेय पदार्थ शरीर को ठंडक पहुंचाते हैं और पाचन तंत्र को मजबूत बनाए रखते हैं। साथ ही, यह मानसिक तनाव को कम करने में भी सहायक होती है। विशेषज्ञों की सलाह है कि गर्मी के मौसम में रोजाना 1-2 इलायची का सेवन करना एक अच्छी आदत हो सकती है। यह छोटा सा उपाय पेट, गले और मुंह से जुड़ी कई समस्याओं से बचाव में मदद करता है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


