गिरिडीह । नगर थाना क्षेत्र के भंडारीडीह- आजाद नगर के सीमावर्ती इलाके में मंगलवार की सुबह तड़के हुई एक हत्या की वारदात ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। बताया गया कि भंडारीडीह निवासी 35 वर्षीय स्कॉर्पियो चालक तौफीक अंसारी की पांच आरोपिताें ने मिलकर निर्मम हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
इस बाबत मृतक के भाई रोशन अंसारी के अनुसार, तौफीक को देर रात आरोपिताें ने फोन कर बुलाया था। परिजनों के पूछने पर वह ‘जल्द लौटने’ की बात कहकर घर से निकला था। तौफीक अपने तीन साथियों के साथ बताए गए लोकेशन पर पहुंचा, जहां पहले से घात लगाए पांचों आरोपित हथियारों के साथ मौजूद थे। जैसे ही तौफीक वहां पहुंचा, आरोपिताें ने उस पर हमला बोल दिया। तौफीक के साथ आए आरोपिताें और हथियार देखकर जान बचाकर भाग निकले, जिसके बाद आरोपिताें ने अकेले पाकर तौफीक को मौत के घाट उतार दिया।
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पचम्बा और मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के रहने वाले पांच युवकों—बंटी उर्फ टायसन, आसिफ अली, मोनू पठान, मोहम्मद अरशद और मोहम्मद साकिब पर हत्या का सीधा आरोप में मामला दर्ज कराया है। बताया जा रहा है कि इनके बीच पुरानी रंजिश चल रही थी।
पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि जिसकी हत्या हुई है, वह पहले से आपराधिक घटनाओं का वांटेड है। कबरीबाद में हत्या हुई थी। उसमें भी यह आरोपित था। हाल ही में जेल से बाहर आया था। हत्या का आरोप जिसपर लगा है, वे लोग भी दागी हैं। उन्होंने बताया कि आपसी रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया गया है। सभी हमलावरों की तलाश की जा रही है। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


