पूर्वी सिंहभूम । जुगसलाई थाना क्षेत्र के एमई स्कूल रोड स्थित एक घर में शुक्रवार देर रात एक कारोबारी ने फंदे लटक कर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान देवानंद विश्वकर्मा (38) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में उनकी बेटी मौजूद थी। काफी देर तक पिता की कोई गतिविधि नहीं होने पर उसने कमरे में जाकर देखा, जहां देवानंद फंदे से लटके हुए थे। यह दृश्य देखते ही बेटी घबरा गई और तुरंत परिजनों और आसपास के लोगों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पड़ोसी मौके पर पहुंचे और परिजनों की मदद से देवानंद को फंदे से नीचे उतारकर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार देवानंद व्यवसाय से जुड़े हुए थे और लंबे समय से नशे की लत से परेशान थे। हालांकि उन्होंने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस मामले को खुदकुशी मानते हुए विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
शनिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। जुगसलाई थाना में यूडी केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


