रांची । नगर निगम की टीम ने अवैध कब्जे को लेकर करमटोली तालाब के सामने अवैध रूप से बने दर्जनों मकानों को हटाया । इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहे। बुलडोजर कार्रवाई शुरू होने से प्रशासन की मौजूदगी में लोगों को घरों को खाली कराया गया। इसके बाद नगर निगम की टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त किया।
अधिकारियों ने बताया की अवैध रूप से रह रहे लोग प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुक हैं। उन्हें पहले ही सरकार की ओर से आवास आवंटित किया जा चुका है। इसके बावजूद वे करमटोली तालाब के पास अवैध रूप से एस्बेस्टस की छत वाले मकान बनाकर वर्षों से रह रहे थे। अधिकारियों के अनुसार, अतिक्रमणकारियों को पहले ही नोटिस देकर जगह खाली करने का निर्देश दिया गया था। निर्धारित समय बीतने के बाद शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की गई।


