रांगा थाना पुलिस की कार्रवाई, मारुति वैगन-आर समेत कई सामान जब्त
बरहरवा/पतना- रांगा थाना क्षेत्र अंतर्गत विजयपुर–मधुसूदन रोड के किनारे सुनसान जंगल-झाड़ी के पास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई 27 मई 2026 को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरहरवा के नेतृत्व में गठित छापामारी दल द्वारा की गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार रांगा थाना को सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की मारुति वैगन-आर गाड़ी में कुछ लोग ब्राउन शुगर का अवैध कारोबार कर रहे हैं. सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर छापेमारी टीम का गठन किया गया.पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन की तलाशी ली. जहां चार लोगों को अवैध ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा गया.गिरफ्तार आरोपियों में संजय कुमार वर्मा उम्र 34 वर्ष, लाल मोहन साह उम्र 26 वर्ष, राजेश पासवान उम्र 45 वर्ष एवं संजीत कुमार उम्र 39 वर्ष शामिल हैं. सभी आरोपी साहिबगंज एवं बिहार के भागलपुर जिले के रहने वाले बताए गए हैं.छापेमारी के दौरान पुलिस ने ब्राउन शुगर, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, मोबाइल फोन, नगद राशि और एक मारुति वैगन-आर कार बरामद की है. पुलिस के अनुसार आरोपी मालदा पश्चिम बंगाल से ब्राउन शुगर लाकर आसपास के क्षेत्रों में ऊंची कीमत पर बेचते थे.इस मामले में रांगा थाना कांड संख्या 48/2026 के तहत् एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है.
छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरहरवा नितिन खंडेलवाल, पुलिस निरीक्षक बरहरवा प्रमंडल प्रवीण कुमार, रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे.


