पटना । पटना में बहन के अफेयर से भाई इतने नाराज हुए कि उन्होंने उसके प्रेमी की हत्या कर दी। वारदात दीदारगंज थाना क्षेत्र के माधोपुर फतेहपुर के बीच सीताराम राजेंद्र कॉलेज के पास की है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार को प्रेमी की लाश खेत में मिली।
पुलिस के मुताबिक जांच में पता चला कि हत्या प्रेम प्रसंग के चलते की गई है। लड़की के दो भाइयों ने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर चाकू, छेनी से गोदकर बहन के प्रेमी मोहम्मद शहजादा (30) की हत्या कर दी। आंख फोड़कर, सिर पर कई वार करने के बाद युवक का गला काटा था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चापड़, छेनी, चाकू, सलाई रिंच बरामद कर ली है। ग्रामीण एसपी ने बताया कि मृतक ई रिक्शा चलाता था।
पुलिस ने बताया कि एक आरोपी ने बर्थ-डे पार्टी में जाने के लिए शहजादा का ई रिक्शा बुक किया था। वह उसे पुनपुन सुरक्षा बांध के पास सुनसान जगह पर ले गया। यही शहजादा की हत्या की गई। आरोपियों ने हथियार को एक कार्टन में पैक किया था। इसी में हथियार छिपाकर लेकर गए थे। 18 अगस्त को लोगों ने सड़क किनारे पानी में एक शव को तैरता देखा। घटनास्थल से पुलिस को एक छेनी, धारदार चॉपर और पाइप सलाई रिंच जैसे औजार मिले हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही थी कि धारदार हथियारों से वार कर युवक की हत्या की गई है। इसके अलावा मौके से एक टोटो और हवाई चप्पल भी बरामद हुई थी। इसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। दीदारगंज थाना पुलिस को सूचना दी गई, पुलिस वहां पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। शव की पहचान होने के बाद घटना के विरोध में लोगों ने आगजनी कर जमकर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन कर रहे लोग अपराधियों के गिरफ्तारी की मांग और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारे लगा रहे थे।


