दुमका। भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व के अंतर्गत शुक्रवार को अग्रसेन भवन, दुमका में स्नेह मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष गौरवकांत ने की, जबकि मंच संचालन विवेकानंद राय ने किया। समारोह में जिला चुनाव अधिकारी शैलेन्द्र सिंह, पूर्व विधायक अपर्णा सेन गुप्ता, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभयकांत प्रसाद, वरिष्ठ नेता सुनील सोरेन सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संगठन पर्व की प्रक्रिया के तहत जिला चुनाव अधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने रूपेश मंडल को भाजपा दुमका जिला का नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष घोषित किया। नाम की घोषणा होते ही सभागार कार्यकर्ताओं के उत्साह और जोश से गूंज उठा।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश परिषद के लिए बाबूलाल मरांडी, सुनील सोरेन, परितोष सोरेन, सुरेश मुर्मू, निवास मंडल एवं सत्यानंद झा ‘बाटुल’ के नामों की भी घोषणा की गई। साथ ही थाड़ीहाट मंडल अध्यक्ष महेंद्र मंडल, सरैयाहाट मंडल अध्यक्ष सुभाष यादव सहित अन्य संगठनात्मक दायित्वों की घोषणा हुई। वरिष्ठ नेता सुनील सोरेन और पूर्व विधायक अपर्णा सेन गुप्ता ने संगठन पर्व को कार्यकर्ता आधारित नेतृत्व का सशक्त माध्यम बताया। नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल ने विश्वास दिलाया कि वे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत कर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाएंगे। समारोह में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने संगठनात्मक एकता और नए नेतृत्व के प्रति भरोसे को दर्शाया।


