पाकुड़। मंगलवार को बिजली और पानी की समस्या को लेकर को भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार के खिलाफ पाकुड़ में जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने किया। वहीं मुख्य अतिथि के रूप में राजमहल के पूर्व विधायक अनंत कुमार ओझा एवं प्रदेश मंत्री कृष्णा महतो उपस्थित रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने रेलवे मैदान से सिद्धो-कान्हू मुर्मू पार्क तक रैली निकाली। इस दौरान महिलाओं एवं कार्यकर्ताओं ने सिर पर मटका रखकर प्रदर्शन किया तथा घड़ा फोड़कर राज्य सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने बिजली कटौती, पेयजल संकट और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर सरकार को घेरा।सभा को संबोधित करते हुए अनंत कुमार ओझा ने कहा कि राज्य में बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति लगातार बद से बदतर होती जा रही है। किंतु सरकार का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नल से जल योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है तथा जिले के कई क्षेत्रों में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। बिजली की आंख में मिचोंनी से जनता परेशान है।वहीं जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने कहा कि सरकार जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में विफल रही है और स्मार्ट मीटर के कारण उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ा है। प्रदर्शन के बाद भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त मेघा भारद्वाज को मांग पत्र सौंपकर बिजली-पानी समस्या के समाधान की मांग की। मौके पर पूर्व प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी, प्रदेश कार्य समिति के सदस्य मीरा प्रवीण सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष अमृत पांडे भाजपा जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय ,जिला महामंत्री रूपेश भगत, महामंत्री साधन झा ,संपा शाहा, हृदयानंद भगत, संजीव भगत आदि अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।


