मुंबई । लॉरेंस बिश्नोई गैंग अभिनेता सलमान खान के पीछे हाथ धोकर पड़ी है। बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। बीते दिनों लॉरेंस के कजिन ने कहा था कि बिश्नोई समाज लॉरेंस के साथ खड़ा हुआ है। इसी बीच अब बिश्नोई समुदाय ने सलमान-सलीम खान का पुतला जलाया है। उन्होंने सलीम खान के उस बयान पर नाराजगी जाहिर की हैं जिसमें उन्होंने कहा था कि काला हिरण शिकार मामले में उनका बेटा निर्दोष है। इसके बाद बिश्नोई समाज ने अपना विरोध दिखाकर अभिनेता और उनके पिता का पुतला जलाया। साथ ही सलमान खान काला हिरण शिकार मामले में माफी मांगने को कह दिया है। हाल ही में बिश्नोई समाज ने जोधपुर में विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान बिश्नोई समाज के लोगों ने बताया कि अगर सलमान ने काले हिरण का शिकार नहीं किया तब उनका केस लड़ने के लिए दिल्ली, मुंबई और जोधपुर से वकील क्यों बुलाए गए। उन्होंने सलमान के खिलाफ प्रदर्शन कर चेतावनी दी कि अगर सलमान माफी नहीं मांगते तब सनातन हिंदू समाज की ओर से आंदोलन किया जाएगा। बिश्नोई समाज ने कहा कि सलमान खान के पिता ने दावा किया है कि उनके बेटे ने काले हिरण का शिकार नहीं किया। हम उन्हें बताना चाहते हैं कि हम बिश्नोई हैं, हम किसी को यूं ही बदनाम नहीं करते। उन्होंने कहा कि सलमान खान इस तरह गलत बयान देकर लोगों को झूठ नहीं बोल सकते।
बता दें कि साल 1999 में रिलीज हुई फिल्म हम सात साथ है की राजस्थान में शूटिंग हुई थी। शूटिंग के बाद सलमान और कुछ सितारों के ऊपर काले हिरण के शिकार का आरोप लगा था हालांकि इस मामले में भाईजान को सुप्रीम कोर्ट ने बरी कर दिया है, हालांकि बिश्नोई समाज अब भी दंबग खान से नाराज है और वह चाहता है कि सलमान उनसे माफी मांगे।






