एस.के.झा.’सुमन’
दुमका। अनुभव की शक्ति और जन-सेवा का संकल्प लेकर दुमका नगर परिषद के अध्यक्ष पद पर मैदान में उतरे विनोद लाल ने खोला अपनी जीत का रोडमैप। 100 दिनों में सफाई का महाअभियान। बचे हुए गरीबों को पक्का मकान देने का किया वादा। इसे लेकर दुमका ब्यूरो प्रभारी एस.के.झा.’सुमन’ ने की नगर अध्यक्ष प्रत्याशी से कि विशेष वार्ता।
———–
जनता क्यों करें आपको वोट
जनता मुझे वोट इसलिए दे, क्योंकि उपाध्यक्ष के रूप में मेरा पिछला कार्यकाल मात्र एक ‘पद’ नहीं, बल्कि ‘जन-सेवा का संकल्प’ था। मैंने दफ्तर में बैठकर हुक्म चलाने के बजाय, जमीन पर उतरकर जन समस्याओं को अपना माना है। मैंने काम करके दिखाया है, और अब उसी अनुभव के साथ जनता का भविष्य को और भी बेहतर बनाने का इरादा रखता हूँ।
——
सवाल : नगर व वार्ड की मुख्य समस्या क्या है और आपका 100 दिनों का एजेंडा क्या होगा?
उत्तर : हमारा कार्यकाल समाप्त हुए आज तीन वर्ष हो गए। उसे दौरान जनता का सुधि लेने वाला कोई नहीं था । नगर में गंदगी और जाम नालियां महामारी का संकेत दे रही हैं। मेरी प्राथमिकता अगले 100 दिनों में व्यापक सफाई अभियान चलाकर शहर को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाने की होगी।
——-
सवाल : भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी पर कैसे लगाम लगाएंगे?
उत्तर : भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी समाज के लिए अभिशाप है। इसे पूरी तरह मिटाना कठिन है, लेकिन पार्षदों और अधिकारियों के समन्वय से इस पर अंकुश जरूर लगाया जा सकता है। सामूहिक सहयोग और पारदर्शिता के जरिए ही हम विकास कार्यों में ईमानदारी सुनिश्चित कर सकते हैं।
——–
सवाल : गरीबों के कल्याण के लिए आपकी क्या योजना है?*
उत्तर : गरीबों के कल्याण के लिए हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता ‘हर सिर पर छत’ है। हम पारदर्शी चयन प्रक्रिया के जरिए बचे हुए सभी बेघर परिवारों को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त पक्का मकान और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करेंगे।
———-
सवाल : जनता की सीधी भागीदारी कैसे सुनिश्चित करेंगे या सिर्फ चुनाव तक ही रिश्ते रहेंगे?
उत्तर : लोकतंत्र में हमारा रिश्ता वोट तक नहीं, बल्कि विकास तक है। हमने पूर्व से ही सीधी फोन कॉल व्यवस्था से जनता को सीधे जोड़ा है ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। यह निरंतर संवाद और सक्रिय भागीदारी ही हमारी जन सेवा का असली आधार है।


