देवघर संताल एक्सप्रेस:-स्थानीय दीनबंधु उच्च विद्यालय के रविंद्र सभागार में भारत विकास परिषद, बैद्यनाथ धाम शाखा द्वारा संगठन का स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम देशभक्ति, सेवा, संस्कार और सामाजिक उत्थान के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत विकास परिषद की स्थापना के उद्देश्य एवं इतिहास पर प्रकाश डालते हुए किया गया। बताया गया कि स्वामी विवेकानंद की जन्मशती के अवसर पर वर्ष 1962 के चीनी आक्रमण के बाद राष्ट्रीय चेतना को सशक्त करने के उद्देश्य से ‘नागरिक परिषद’ के रूप में इस संगठन की शुरुआत हुई थी। बाद में 10 जुलाई 1963 को सोसायटी पंजीकरण अधिनियम के तहत इसका पंजीकरण हुआ। आज यह संगठन एक गैर-राजनीतिक, सामाजिक-सांस्कृतिक एवं स्वैच्छिक संस्था के रूप में राष्ट्रीय एकता, भारतीय संस्कृति और सेवा कार्यों को बढ़ावा दे रहा है। कार्यक्रम का संचालन विपेन्द्र झा ने किया, जबकि विषय प्रवेश प्रो. अरविंद कुमार झा ने कराया। संस्कार सचिव डॉ. राखी रानी ने स्वागत भाषण दिया तथा उनके सौजन्य से दीनबंधु उच्च विद्यालय को चार सीलिंग फैन भेंट किए गए। अंत में शाखा अध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के कक्षा दसवीं के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। छात्राओं में अंकिता कुमारी (प्रथम), माही भगत (द्वितीय) एवं वैष्णवी कुमारी (तृतीय), जबकि छात्रों में आदित्य राज (प्रथम), साहिल राज (द्वितीय) एवं आनंद मिश्रा (तृतीय) को सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में परिषद की छह दशकों की सेवा यात्रा पर भी प्रकाश डाला गया। बताया गया कि परिषद देशभर में 13 दिव्यांग सेवा केंद्रों के माध्यम से लगभग तीन लाख दिव्यांगजनों की सहायता कर चुकी है। इसके अलावा समग्र ग्राम विकास, सामूहिक सरल विवाह, एनीमिया मुक्त भारत, महिला स्वावलंबन सहित 1680 से अधिक स्थायी सेवा प्रकल्प संचालित किए जा रहे हैं। परिषद “नीति” (डिजिटल), “ज्ञान प्रभा”, “भारत को जानो” तथा “चेतना के स्वर” जैसी पत्रिकाओं के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का कार्य भी कर रही है। परिषद ने अपने सातवें दशक में प्रवेश करते हुए सदस्यता को दो लाख परिवारों तक पहुँचाने, तकनीक आधारित कार्य प्रणाली विकसित करने, साहित्य के व्यापक प्रचार-प्रसार, देश के प्रत्येक जिला केंद्र तक शाखाओं का विस्तार करने तथा महिलाओं एवं युवाओं की निर्णय प्रक्रिया में अधिक सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री राज परिवार थे। इस अवसर पर प्रभात चरण मिश्रा, शंभुनाथ झा, नवगोपाल घोष, डॉ. निमाई चन्द्र गांधी, संदीप गोस्वामी, डॉ. चेतना भारती, बिजय पाण्डेय, दीनबंधु उच्च विद्यालय के प्राचार्य काजल दा सहित विद्यालय के शिक्षकगण, सैकड़ों विद्यार्थी एवं भारत विकास परिषद के सदस्य उपस्थित रहे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


