अम्बेडकरनगर । अंबेडकरनगर में सुपारी किलर वाहिद अंसारी (35) एनकाउंटर में मारा गया। वह पूर्वांचल का बड़ा हथियार सप्लायर था। वह पैसे लेकर हत्याएं करता था। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात पता चला कि वाहिद शहर में छिपा है और भागने की फिराक में है। टीम ने घेराबंदी की तो उसने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके सीने और पैर में 4 गोलियां लगीं। वह सडक़ पर गिर पड़ा। पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मुठभेड़ में 2 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जबकि बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगने से एसपी प्राची सिंह बाल-बाल बच गईं। मुठभेड़ रात 12 बजे जिला मुख्यालय से 7 किमी दूर अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में शिव बाबा मंदिर के पास हुई। वाहिद गाजीपुर के बहरियाबाद का रहने वाला था। वह बिल्लू इंदौरिया गैंग का सक्रिय सदस्य था। उस पर 35 केस दर्ज थे। वह गोरखपुर के कैंट थाने से भी वॉन्टेड था।





