-ओवर ऑल मामलों में टॉप-5 राज्यों में एक भी बीजेपी शासित राज्य नहीं
नई दिल्ली, । देश में पुलिसिंग मामले में तेलंगाना पहले नंबर पर और पश्चिम बंगाल आखिरी पायदान पर है। ज्युडिशियरी मामले में केरल टॉप पर और पश्चिम बंगाल आखिरी नंबर पर है जिसमें बजट, वैकेंसी, इंफ्रास्ट्रक्चर, एससी,एसटी, ओबीसी और महिलाओं की नियुक्ति जैसे 32 पैमानों पर पुलिस और 25 पैमानों पर ज्युडिशियरी को आंका गया है।
एक ताजा रिपोर्ट में देश में पुलिस, जेल, ज्युडिशियरी और कानूनी मदद के बारे में बताया गया है। इन सब के ओवर ऑल मामले में टॉप-5 राज्यों में एक भी बीजेपी शासित राज्य नहीं है। 18 बड़े राज्यों में यूपी 17वें नंबर पर है। रिपोर्ट में पुलिस और ज्यूडिशियरी के बारे में बताया कि मध्यप्रदेश और इलाहाबाद हाईकोर्ट के एक जज पर 15 हजार केस का बोझ है। देश भर में 21,285 जज हैं, लेकिन अब भी हाईकोर्ट में 33 फीसदी और निचली अदलतों में 21 फीसदी पद खाली पड़े हैं। 2024 के अंत में पेंडिंग मामलों की गिनती 5 करोड़ तक पहुंच गई। 17 बड़े राज्यों की लोअर कोर्ट्स में 25 फीसदी से ज्यादा ऐसे मामले हैं, जो 3 साल से पेंडिंग पड़े हुए हैं।
ज्युडिशियरी में महिलाओं की भागीदारी के मामले में लोअर कोर्ट्स में 38 फीसदी जज और हाईकोर्ट्स में 14 फीसदी जज महिलाएं हैं। देश के 28 में से 6 प्रदेशों की अदालतों ने अपने एससी/एसटी कोटा का कम से कम 80 फीसदी तक भरा है। कर्नाटक को छोड़कर किसी भी राज्य में एससी/एसटी कोटा पूरा भरा नहीं गया है। मार्च 2025 के जनसंख्या अनुमानों के मुताबिक देश की हर 10 लाख की आबादी पर 15 जज हैं, जबकि खाली पदों पर तैनाती हो जाए तो 19 जज हो जाएंगे। विधि आयोग ने 1987 में सिफारिश की थी कि हर 10 लाख की आबादी पर 50 जज होने चाहिए।
रिपोर्ट के मुताबिक सिर्फ 4 प्रदेशों की लोअर कोर्ट और हाईकोर्ट में केस क्लियरेंस रेट यानी मामला निपटारे की दर 100 फीसदी से ज्यादा है। 2024 के आखिर तक सिक्किम, त्रिपुरा और मेघालय को छोड़कर ज्यादातर हाईकोर्ट्स में हर जज पर औसतन एक हजार से ज्यादा मामलों को वर्कलोड था। मध्यप्रदेश और इलाहाबाद हाईकोर्ट के हर जज पर 15 हजार केसों का भार था। जिला स्तर पर हर जज पर औसतन 500 से ज्यादा मामले लंबित थे, जिनमें कर्नाटक में प्रति जज पर करीब 1750, केरल में 3800 और उत्तरप्रदेश में 4300 मामलों का कार्यभार था।
पुलिसिंग में 90 फीसदी महिलाएं कॉन्स्टेबल, बिहार में एक पुलिसकर्मी के जिम्मे 1522 लोग हैं। भारत में करीब 20 लाख पुलिसकर्मी हैं। इनमें महिला पुलिसकर्मियों की संख्या 2.42 लाख है। एक हजार से भी कम महिलाएं एसपी और डीजी जैसे पदों पर हैं। 80 फीसदी महिलाएं कॉन्स्टेबल हैं। देश में 2.42 लाख महिला पुलिसकर्मियों में से सिर्फ 960 आईपीएस हैं, जबकि देशभर में कुल आईपीएस की संख्या 5047 है। जनवरी 2017 से जनवरी 2023 के बीच देशभर में पुलिस अधिकारियों के 64 हजार नए पद मंजूर हुए, थे लेकिन भर्तियां सिर्फ 44 हजार पदों पर की गई। इस दौरान अधिकारियों के 28 फीसदी से 32 फीसदी पद खाली हैं यानी हर चार में से एक अधिकारी का पद खाली है।
देश में एक पुलिस पर 831 लोगों की सेवा का भार है। बिहार में एक पुलिस के जिम्मे 1522 लोग, ओडिशा में 1298 लोग और पश्चिम बंगाल में एक पुलिस पर 1277 लोगों का भार है। 18 बड़े राज्यों में पंजाब की स्थिति सबसे बेहतर है, जहां एक पुलिस के जिम्मे 504 लोग हैं। पुलिसिंग में एससी समुदाय की भागीदारी 17 फीसदी और एसटी समुदाय की भागीदारी 12 फीसदी है।






