जुर्माना वसूला, दोबारा कब्जा करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
देवघर। श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों के बीच देवघर नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए मेला क्षेत्र में 89 छोटे और बड़े दुकानों को अतिक्रमणमुक्त कराया। सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने के साथ कई दुकानदारों से जुर्माना भी वसूला गया। शनिवार को नगर प्रबंधक प्रकाश मिश्रा और सतीश कुमार दास के नेतृत्व में नगर निगम, टाउन थाना पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम ने नेहरू पार्क, शिवगंगा गली, आरती घाट, लक्ष्मीपुर चौक और आसपास के मेला क्षेत्रों में अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण करने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान एक दुकान के सामने नाले में निर्माण सामग्री डालकर उसे पूरी तरह जाम कर दिया गया था, जिससे जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। नगर निगम की टीम ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए संबंधित दुकानदार से नाले की सफाई कराई और जल निकासी को बहाल कराया।
नगर निगम ने कहा कि श्रावणी मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए मेला मार्गों और पैदल पथों को पूरी तरह अतिक्रमणमुक्त रखना प्राथमिकता है। अवैध कब्जा, सड़क पर सामान फैलाना और नालियों को जाम करना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नगर निगम ने सभी दुकानदारों और व्यवसायियों से निर्धारित सीमा के भीतर ही दुकान लगाने और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है। मेला अवधि तक अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित मेला क्षेत्र उपलब्ध कराया जा सके।


