एस.के. झा. ‘सुमन’
दुमका: बासुकीनाथ नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के चुनाव परिणामों ने क्षेत्र की राजनीति में एक नया इतिहास रच दिया है। जनसेवा और समर्पण की मिसाल पेश करने वाले निरंजन मंडल की पत्नी बीणा देवी ने 2164 मतों के भारी अंतर से अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी को पटखनी देते हुए शानदार जीत दर्ज की है। इस एकतरफा मुकाबले ने विरोधियों के हौसले पस्त कर दिए हैं। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, मैदान में उतरीं कुल छह प्रत्याशियों में बीणा देवी को सबसे अधिक 4065 वोट मिले, जबकि उनकी मुख्य प्रतिद्वंद्वी मधुमिता देवी 1901 वोटों पर ही सिमट गईं। अन्य उम्मीदवारों में पूनम देवी को 1621, वनलता देवी को 899, सुषमा देवी को 855 और मनोरमा देवी को मात्र 471 वोट प्राप्त हुए। कुल 10,537 मतों में से 9,812 वोट वैध पाए गए। स्थानीय बुद्धिजीवियों का मानना है कि बीणा देवी की यह ऐतिहासिक सफलता उनके पति निरंजन मंडल द्वारा वर्षों से की जा रही निःस्वार्थ सेवा का प्रतिफल है। आपातकाल में घायलों की मदद और जरूरतमंदों के साथ हमेशा खड़े रहने वाले मंडल के प्रति जनता ने अपना अटूट विश्वास जताया है। समर्थकों में जीत को लेकर भारी उत्साह है और उन्हें उम्मीद है कि बीणा देवी के नेतृत्व में बासुकीनाथ के विकास को अब नई ऊंचाई मिलेगी।


