स्टार्क से भी आगे निकले
हरारे । यहां खेले गये एकमात्र क्रिकेट टेस्ट मैच में भले ही बांग्लादेश को जिम्बाब्वे से हार का सामना करना पड़ा हो पर इस मुकाबले में बांग्लादेशी स्पिनर ताइजुल इस्लाम ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किय है। ताइजुल अब टेस्ट क्रिकेट में एक मामले में ऑस्ट्रेलिया तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क से भी आगे निकल गए हैं। ताइजुल ने जिम्बाब्वे की पहली पारी में 40.2 ओवरों में केवल 138 रन देकर 7 विकेट लिए। इस प्रकार ताइजुल ने अपने टेस्ट करियर में 19वीं बार पांच विकेट लिए हैं।
इस शानदार प्रदर्शन के साथ ही ताइजुल ने कई रिकार्ड तोड़े हैं। वह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा बार 5 विकेट लेने वाले बाएं हाथ के गेंदबाजों में शीर्ष पांच में पहुंच गये हैं। इस प्रकार उन्होंने बांग्लादेश के पूर्व कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर शाकिब अल हसन के 19 बार पांच विकेट लेने के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली है। इसके अलावा उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को पीछे छोड़ दिया है, जिनके नाम टेस्ट में 18 बार पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड दर्ज है।
ताइजुल का यह मुकाम हासिल करना इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने यह उपलब्धि सिर्फ 107 टेस्ट पारियों में हासिल की है। वहीं शाकिब अल हसन ने 19 बार पांच विकेट लेने के लिए 121 पारियां ली थीं, जबकि मिचेल स्टार्क को 18 बार पांच विकेट लेने के लिए 202 पारियां खेलनी पड़ी थीं।ज्यादा फाइव-विकेट हॉल लेने वाले बाएं हाथ के गेंदबाजों में श्रीलंका के रंगना हेराथ 34 बार के साथ शीर्ष पर हैं, उनके बाद पाकिस्तान के वसीम अकरम 25 और न्यूजीलैंड के डैनियल विटोरी 20 का नाम आता है। इस प्रतिष्ठित सूची में अब ताइजुल इस्लाम और शाकिब अल हसन संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर आ गए हैं, जबकि मिचेल स्टार्क पांचवें स्थान पर खिसक गए हैं।


