पूर्वी सिंहभूम । कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर रोड नंबर-7 में रहने वाले एक युवक ने फंंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली। घटना गुरुवार की बताई जा रही है। मृतक की पहचान अंकित शर्मा (23) के रूप में हुई है, जो बीटेक की पढ़ाई कर रहा था।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, अंकित अपनी बहन के साथ कदमा स्थित घर में रहता था। उसकी मां की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उनका इलाज रांची में चल रहा है। परिवार पहले से ही कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा था। गुरुवार शाम जब उसकी बहन उसे खाना खाने के लिए बुलाने गई, तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। आशंका होने पर उसने खिड़की से झांककर देखा, जहां अंकित कमरे के अंदर फांसी के फंदे से लटका हुआ था।
घटना की जानकारी मिलते ही पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया और आनन-फानन में अंकित को टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि अंकित पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। उसकी बहन ने पुलिस को बताया कि वह शेयर बाजार में निवेश करता था और हाल के दिनों में उसे करीब 4 से 5 लाख रुपये का भारी नुकसान हुआ था। इसी आर्थिक दबाव और तनाव के कारण उसने यह कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


