पटना । मुख्यमंत्री पद संभालते ही सम्राट चौधरी एक्शन माेड में है। उन्हाेंने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही तेज़ी से कामकाज संभाल लिया है। बुधवार काे शपथ ग्रहण समारोह के बाद वे सीधे सचिवालय पहुंचे और मुख्यमंत्री कार्यालय में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया।
उन्हाेंने सचिवालय स्थित सभागार में राज्य के वरीय आईएएस अधिकारियों के साथ बैठक की , जिसमें विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव और अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कुछ फाइलों पर हस्ताक्षर किया।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सरकार की प्राथमिकता जनता से जुड़े मुद्दों का त्वरित समाधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर विभाग को तय समयसीमा के भीतर अपने लक्ष्य पूरे करने होंगे। खासतौर पर सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और कानून-व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
सम्राट चौधरी ने अधिकारियों से यह भी कहा कि जनता की शिकायतों के निपटारे में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह निर्देश दिया कि आम लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें और उनकी समस्याओं का समाधान समय पर हो। इसके साथ ही उन्होंने डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने और सरकारी सेवाओं को अधिक सरल बनाने पर भी जोर दिया।
इसके अलावा, उन्होंने चल रही विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन परियोजनाओं में देरी हो रही है, उनके लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही नई योजनाओं के प्रस्ताव भी जल्द तैयार करने को कहा गया ताकि राज्य के विकास को गति मिल सके।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


