स्थानीय प्रतिभा और राष्ट्रीय कलाकारों का संगम
इंडियन आइडल फेम गायिका पूजा चटर्जी की प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र
देवघर। जिले में चल रहे तीन दिवसीय राजकीय बैद्यनाथ महोत्सव 2026 के दूसरे दिन मंगलवार को केकेएन स्टेडियम सांस्कृतिक रंगों से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में लोककला, संगीत और नृत्य से जुड़े विविध प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर तक बांधे रखा। स्थानीय कलाकारों और राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों के बीच शानदार समन्वय देखने को मिला, जिससे पूरे आयोजन में उत्साह का माहौल बना रहा। मंच पर जिले के कलाकारों, संगीतकारों, स्कूली बच्चों और स्वराभ्युदय संगीत गुरुकुल के विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी। इन प्रस्तुतियों में क्षेत्र की परंपराओं, लोकसंस्कृति और कलात्मक विरासत की स्पष्ट झलक देखने को मिली। दर्शकों ने तालियों की गूंज के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण इंडियन आइडल से चर्चित गायिका पूजा चटर्जी की प्रस्तुति रही। उनकी सुरीली आवाज ने पूरे प्रेक्षागृह को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके गीतों पर दर्शक झूमते नजर आए और माहौल पूरी तरह संगीतमय हो गया।
समारोह के दौरान उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने प्रतिभागी कलाकारों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि कला और संस्कृति समाज का दर्पण होती है और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देना प्रशासन की प्राथमिकता है। इससे पारंपरिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलती है।कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार समेत कई अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में कला प्रेमी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्साह और सांस्कृतिक एकता का माहौल देखने को मिला।


