मसलिया । मसलिया प्रखंड के सापचाला पंचायत अंतर्गत लखीबाद गांव निवासी निर्मल महतो के 8 वर्षीय पुत्र जीत यादव के इलाज के लिए परिजनों ने आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है। जीत गंभीर ट्यूमर से पीड़ित है और उसका इलाज तमिलनाडु के सीएमसी वेलोर में चल रहा है। रविवार को जीत के दादाजी परेश महतो ने दुमका जाने के दौरान झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी को दलाही चौक पर लिखित आवेदन सौंपकर आर्थिक सहयोग की मांग की।
आवेदन में बताया गया है कि चिकित्सकों ने बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल ऑपरेशन की सलाह दी है। ऑपरेशन और अन्य चिकित्सीय खर्च मिलाकर करीब 8 लाख रुपये का अनुमान है। परिजनों ने बताया कि जीत के पिता निर्मल महतो दिहाड़ी मजदूर हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं है कि वे इलाज का पूरा खर्च उठा सकें। आर्थिक तंगी के कारण बच्चे का समुचित उपचार प्रभावित हो रहा है। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने दुमका के पूर्व सांसद सुनील सोरेन को भी मामले की जानकारी दी। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।


