संताल एक्सप्रेस संवाददाता
अमड़ापाड़ा(पाकुड़)। प्रखंड के आलूबेड़ा स्थित पचुवाड़ा नॉर्थ कोयला खदान में सोमवार को वार्षिक खान सुरक्षा पखवाड़ा धूमधाम से मनाया गया. कार्यक्रम में डीजीएमएस सेंट्रल जोन से आए डॉ. के. माधव राव (डीएमएस) तथा बीसीसीएल की निरीक्षण टीम के सदस्य जी.एल. धुर्वे (एजेंट), अजय कुमार विश्वकर्मा (मैनेजर), सूरज प्रकाश वर्मा (इंजीनियर ई एंड एम), प्रताप चंद्र साहू (इंजीनियर एक्स्कावेशन), आलोक कुमार (वर्कमैन इंस्पेक्टर) एवं ओमप्रकाश (सर्वेयर) प्रमुख रूप से उपस्थित थे. खदान परिसर स्थित कैंप कार्यालय में अतिथियों के आगमन पर पारंपरिक संथाली नृत्य प्रस्तुत किया गया. इसके बाद सुरक्षा कर्मियों द्वारा मार्च पास्ट एवं गार्ड ऑफ ऑनर देकर निरीक्षण टीम का भव्य स्वागत किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत सुरक्षा ध्वज के झंडोत्तोलन एवं सभी कर्मियों को सुरक्षा शपथ दिलाकर की गई. तत्पश्चात दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ.
इस अवसर पर डीजीएमएस के 125 वर्ष पूर्ण होने पर जारी थीम सॉन्ग का प्रदर्शन किया गया. इसके बाद डब्ल्यूपीडीसीएल के महाप्रबंधक रामाशीष चटर्जी ने स्वागत भाषण के माध्यम से सभी अतिथियों का अभिनंदन किया. वहीं सुरक्षा जागरूकता को लेकर खदान कर्मियों द्वारा एक प्रेरक नाटक का मंचन किया गया जो हास्य से भरपूर होने के साथ-साथ खान सुरक्षा का सशक्त संदेश देता नजर आया. नाटक को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा. वहीं खदान के एक कर्मी द्वारा प्रस्तुत सुरक्षा गीत ने भी कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा. वहीं कार्यक्रम के दौरान खदान के विभिन्न विभागों में सुरक्षा मानकों के अनुरूप उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया. मंच संचालन अभिलाष कुमार पियूष द्वारा किया गया. जबकि कार्यक्रम के उपरांत डीजीएमएस एवं बीसीसीएल की संयुक्त टीम ने खदान का निरीक्षण किया और यहां अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों एवं कार्यशैली की सराहना की. मौके पर डब्ल्यूपीडीसीएल के खान प्रबंधक महेश कुमार, सेफ्टी ऑफिसर सी.के. घोष, वेलफेयर ऑफिसर देवाशीष भुई सहित बीजीआर कंपनी से गुर्रम वेंकट नारायण, पी.वी. शिवचंद्रा, चंद्रशेखर, मोहन रेड्डी सहित अन्य मौजूद थे।


