देवघर संताल एक्सप्रेस:-सदर अस्पताल में घायल मरीज को एक्सपायरी सलाइन चढ़ाने के गंभीर मामले में स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित एएनएम को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। हटाने के बाद उसे रिमांड होम में प्रतिनियुक्त कर दिया गया है। इस संबंध में सिविल सर्जन कार्यालय द्वारा आधिकारिक आदेश जारी किया गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल प्रबंधन ने अन्य आरोपों पर भी कार्रवाई शुरू कर दी है। ड्रेसिंग के एवज में पैसे मांगने के आरोप में संबंधित ड्रेसर से स्पष्टीकरण मांगा गया है। वहीं ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक से भी पूरे मामले में जानकारी देने को कहा गया है।
घटना की निष्पक्ष जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की गई है। टीम को निर्देश दिया गया है कि वह मामले की विस्तृत जांच कर जल्द से जल्द अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करे,ताकि दोषियों पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इसके अलावा,पूर्व में लेबर रूम में तैनात एएनएम पर लगे आरोपों के मद्देनजर भी कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने एक साथ तीन एएनएम को वहां से हटा दिया है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि मरीजों की सुरक्षा और इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस कार्रवाई से अस्पताल प्रशासन की सख्ती और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मंशा स्पष्ट होती है।


