बरहेट/साहिबगंज- प्रखंड क्षेत्र के बरहेट में गैस ऑफिस के सामने मैदान में सैकड़ों टेम्पो चालकों ने अपने वाहनों के साथ धरना-प्रदर्शन किया. चालकों ने एलपीजी गैस की लगातार हो रही कमी को लेकर नाराजगी जताई और जल्द आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की.
धरना में शामिल बरमसिया निवासी समसुल अंसारी ने बताया कि जब गैस उपलब्ध रहती थी. तब उनका टेम्पो सुचारू रूप से चलता था और परिवार का भरण-पोषण ठीक से हो पाता था. लेकिन गैस की कमी के कारण अब रोजगार पूरी तरह प्रभावित हो गया है.अकरम अंसारी ने कहा कि एक ओर आमदनी बंद है. वहीं दूसरी ओर फाइनेंसर द्वारा किस्त का लगातार दबाव बनाया जा रहा है. किस्त नहीं देने पर वाहन जब्त करने की चेतावनी दी जाती है.बरहेट संथाली निवासी बलराम साह ने बताया कि गैस नहीं मिलने के कारण पिछले करीब दो महीनों से वाहन खड़े हैं. इसके बावजूद फाइनेंसर किस्त की मांग कर रहे हैं. चालकों ने सामूहिक रूप से आवेदन तैयार कर थाना प्रभारी और प्रखंड कार्यालय में जमा करने का निर्णय लिया है. ताकि एलपीजी गैस की आपूर्ति बहाल हो सके.
टेम्पो चालक जितेंद्र साह ने बताया कि उन्होंने बड़ी मुश्किल से एलपीजी टेम्पो खरीदा था. जिससे परिवार चलता था और बच्चों की पढ़ाई होती थी. लेकिन गैस की अनुपलब्धता के कारण उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि कहीं-कहीं गैस ब्लैक में मिल रही है. जो काफी महंगी होती है.जबकि पेट्रोल से वाहन चलाना उनके लिए संभव नहीं है.
वहीं वी इंडियन क्लब बरहेट के सदस्यों ने बताया कि मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है.


