संताल एक्सप्रेस संवाददाता

देवघर । झारखंड सरकार और बाबा मंदिर प्रशासन पर बाबा धाम के पारंपरिक पुरोहित समाज—पंडा जी—को बदनाम करने और उनके श्रद्धालुओं (यजमानों) को परेशान करने के आरोप एक बार फिर गंभीर रूप से सामने आए हैं। हाल ही में शीघ्र दर्शनम कूपन व्यवस्था को लेकर हुए विवाद के बाद यह मुद्दा और तीव्र हो गया है। जानकारी के अनुसार,दर्शन व्यवस्था को लेकर चल रही अनियमितताओं ने पंडा समाज और प्रशासन के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न कर दी है। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब शीघ्र दर्शनम कूपन का काउंटर सुबह 8:00 बजे खुलता है,तो कुछ लोग कैसे पहले ही ब्रिज तक पहुंच जाते हैं? यह एक गंभीर जांच का विषय है। बिना कूपन और बिना समयानुसार प्रक्रिया के कुछ लोगों को विशेष रास्ते से मंदिर तक पहुंचने देना सीधे तौर पर वीआईपी संस्कृति को बढ़ावा देना है,जो बाबा के दरबार में समानता के सिद्धांत के खिलाफ है।
पंडा समाज का कहना है कि इस प्रकार की व्यवस्थाएं केवल भ्रम और आक्रोश को जन्म देती हैं। यजमान और पंडा के बीच परस्पर अविश्वास बढ़ रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका यह भी कहना है कि प्रशासन द्वारा जानबूझकर ऐसी व्यवस्थाएं लागू की जा रही हैं, जिससे पंडा समाज की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचे और उनके यजमान असुविधा के शिकार हों। वीआईपी संस्कृति का विरोध बाबा धाम एक आस्था का केंद्र है, जहां हर भक्त समान होता है। ऐसे में वीआईपी व्यवस्था का कोई औचित्य नहीं बनता। बाबा के दरबार में कोई छोटा-बड़ा नहीं है, फिर विशेष लोगों के लिए अलग व्यवस्था क्यों? पंडा समाज और बड़ी संख्या में श्रद्धालु अब यह मांग कर रहे हैं कि शीघ्र दर्शनम कूपन की व्यवस्था को हमेशा के लिए समाप्त किया जाए। सभी श्रद्धालुओं के लिए एक ही लाइन होनी चाहिए, ताकि भेदभाव समाप्त हो और दर्शन की प्रक्रिया निष्पक्ष बन सके।
हालांकि, दिव्यांगजन, छोटे बच्चों वाले परिवार और बुजुर्गों के लिए अलग व सरल मार्ग की व्यवस्था की जानी चाहिए ताकि वे बिना किसी कठिनाई के बाबा का दर्शन कर सकें। लेकिन इसके अलावा किसी भी वीआईपी या प्रभावशाली व्यक्ति के लिए विशेष प्रबंध अनुचित और अस्वीकार्य हैं।
————————————————————————————————————
शीघ्र दर्शनम में अनियमितता पर तीर्थ पुरोहित ने उठाए सवाल
बाबा बैद्यनाथ धाम के तीर्थ पुरोहित चन्द्र शेखर खवाड़े (पंडा जी) ने शीघ्र दर्शनम कूपन प्रक्रिया में अनियमितता पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि जब कूपन काउंटर सुबह 8:00 बजे खुलता है, तो कुछ लोग उससे पहले ही ब्रिज तक कैसे पहुंच जाते हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ व्यक्तियों को समय से पूर्व प्रवेश देकर शीघ्र दर्शन करा दिया जाता है, जो व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न है। उन्होंने प्रशासन से जांच कर पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है ताकि श्रद्धालुओं को न्याय मिल सके।



