रांची: झारखंड में नगर निकाय चुनाव के लिए सुबह सात बजे शुरू हुआ मतदान शाम पांच बजे संपन्न हो गया। चुनाव के दौरान कई जिलों से हिंसा, झड़प, बोगस वोटिंग और हंगामे की खबरें सामने आईं। रांची के हिंदपीढ़ी स्थित इदरीसिया तंजीम में मतदान के दौरान दो पक्षों में मारपीट हुई। वहीं, कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता और वार्ड पार्षद का चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी मतदान केंद्र पर ही आपस में भिड़ गए। घटना वार्ड नंबर 18 की है जहां कांग्रेस नेता राजेश गुप्ता उर्फ छोटू और पार्षद प्रत्याशी सोमवीत माजी आपस में ही भिड़ गए। बोकारो में बूथ पर बवाल और मारपीट के दौरान चास डीएसपी प्रवीण सिंह घायल हो गए। चास के भोजपुर कॉलोनी क्षेत्र में बोगस वोटिंग के आरोप में तीन महिलाओं को हिरासत में लिया गया। जमशेदपुर के जुगसलाई में बोगस वोटिंग को लेकर रिंकू सिंह समर्थकों संग हंगामा किया, जिससे करीब एक घंटे मतदान बाधित रहा। गुमला के अंबेडकर नगर (वार्ड 4) मतदान केंद्र पर दो गुटों के बीच विवाद मारपीट में बदल गया। गिरिडीह के बूथ संख्या 4 और धनबाद के वार्ड 27 में समर्थकों के बीच झड़प हुई। धनबाद नगर निगम के वार्ड 22 में बूथ लूटने की कोशिश के दौरान पार्षद प्रत्याशी के भाई से मारपीट की घटना भी हुई। साहिबगंज में चुनाव ड्यूटी के दौरान एक होमगार्ड जवान की राइफल से गलती से गोली चलने से कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में नगरपालिका चुनाव के विरोध में कोल्हान बंद का आह्वान किया गया और चांडिल में हाईवे जाम किया गया। प्रशासन ने कई स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों के अनुसार अधिकांश जगहों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जबकि छिटपुट घटनाओं की जांच की जा रही है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


