मुम्बई । भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आज 45 साल के हो गये। जन्मदिन के अवसर पर धोनी को साथी खिलाड़ियों के साथ ही प्रशंसकों और भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने भी बधाई दी है। कैप्टन कूल के नाम से लोकप्रिय धोनी अपने शांत स्वभाव, अद्वितीय नेतृत्व क्षमता के लिए जाने जाते हैं। उनकी कप्तानी में भारतीय क्रिकेट नई ऊंचाइयों तक पहुंचा। धोनी के जन्मदिन के अवसर पर पुरी में अंतरराष्ट्रीय रेत कलाकार मानस कुमार साहू ने एक अनोखा और प्रेरणादायक एनिमेशन बनाकर उन्हें भेंट किया। इस कलाकृति में धोनी के क्रिकेट करियर के सफर, उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों और उनकी बेजोड़ नेतृत्व क्षमताओं को खूबसूरती से उकेरा गया है। साहू ने धोनी के अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और भविष्य में निरंतर सफलता की कामना करते हुए अपने संदेश में हैप्पी बर्थडे, कैप्टन कूल कहा।
वहीं बीसीसीआई ने भी धोनी को बधाई देते हुए अपनी आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में उनके शानदार करियर का रिकार्ड पेश किया। पोस्ट में लिखा गया, 538 अंतरराष्ट्रीय मैच, 17266 अंतरराष्ट्रीय रन और विकेट के पीछे से 829 स्टंप। आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2007, आईसीसी मेंस ओडीआई वर्ल्ड कप 2011 और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2013 जीतने वाले कप्तान। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान, इस खेल के महान खिलाड़ी महेन्द्र सिह धोनी को जन्मदिन की बधाई।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


