देवघर में दो बूथों पर सुबह से लगी रही कतार, 25 पदों के लिए 100 प्रत्याशी मैदान में
देवघर।झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव को लेकर गुरुवार को देवघर अधिवक्ता संघ सभागार में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। सुबह 10 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। सुबह से ही अधिवक्ता अपने मताधिकार के प्रयोग के लिए कतार में खड़े नजर आए। मतदान से पहले अधिवक्ताओं का सत्यापन किया गया, जिसके बाद उन्हें मतदान करने की अनुमति दी गई।
देवघर में मतदान के लिए दो बूथ बनाए गए थे। पूरे दिन अधिवक्ता क्रमवार मतदान करते रहे। सुरक्षा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्था की गई थी, जिसके कारण मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई।
झारखंड स्टेट बार काउंसिल के चुनाव के लिए राज्य के सभी जिलों में मतदान की व्यवस्था की गई थी। गिरिडीह स्थित जिला अधिवक्ता संघ भवन में भी जिले के अधिवक्ताओं ने उत्साह के साथ मतदान किया। वहां करीब 610 मतदाता हैं, जिन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
इस चुनाव में स्टेट बार काउंसिल के 25 पदों के लिए कुल 100 प्रत्याशी मैदान में हैं। देवघर से अमर सिंह, ललित यादव और दिलीप सिंह सहित कई प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटियों में बंद हो गया है। मतदान सुबह 10 बजे शुरू होकर शाम पांच बजे तक चला और इसके साथ ही चुनाव की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हो गई।


