कोडरमा । जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाए जाने से हड़कंप मच गया है। उत्कर्ष गुप्ता आईएएस नाम से बनाई गई इस फर्जी प्रोफाइल से लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजने और संदेश करने की जानकारी सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने आम लोगों को सतर्क किया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपायुक्त की ओर से व्यक्तिगत फेसबुक आईडी के माध्यम से किसी नागरिक को फ्रेंड रिक्वेस्ट, आर्थिक मदद, धनराशि या व्यक्तिगत जानकारी के लिए कोई अनुरोध नहीं किया जाता है। ऐसे में उनके नाम से आने वाली किसी भी संदिग्ध रिक्वेस्ट या संदेश पर भरोसा करना भारी पड़ सकता है। प्रशासन ने लोगों को चेतावनी दी है कि फर्जी प्रोफाइल से आने वाले संदेशों के जवाब में ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम, डेबिट कार्ड की जानकारी, पासवर्ड अथवा अन्य निजी विवरण बिल्कुल साझा न करें।
किसी लिंक पर क्लिक करने या पैसे भेजने से पहले भी पूरी तरह सत्यापन करने की सलाह दी गई है। ऐसी प्रोफाइल से फ्रेंड रिक्वेस्ट या संदेश मिलने पर उसे स्वीकार न करने और तत्काल इग्नोर कर रिपोर्ट करने की अपील की गई है। साइबर अपराध की आशंका होने पर निकटतम थाना अथवा साइबर थाना को सूचना देने को कहा गया है। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी अधिकारी के नाम और फोटो देखकर भरोसा न करें तथा संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना दें।


