दुमका। आगामी नगर निकाय निर्वाचन–2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान की अध्यक्षता में विभिन्न कोषांगों के नोडल पदाधिकारी, सहायक नोडल पदाधिकारी एवं निर्वाची पदाधिकारी के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने सभी कोषांगों के दायित्वों एवं अब तक की तैयारियों की एक-एक कर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को समय रहते आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाए तथा मानव संसाधन की आवश्यकता का सटीक आकलन कर लिया जाए।
उन्होंने मतपेटिकाओं की रंगाई-पुताई, निर्वाचन से जुड़ी आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता एवं रख-रखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं वाहन कोषांग को चुनाव कार्य के लिए आवश्यक वाहनों का आकलन कर शीघ्र कार्रवाई प्रारंभ करने को कहा गया।
उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट किया कि नगर परिषद दुमका एवं नगर पंचायत बासुकीनाथ में नगर निकाय निर्वाचन आयोजित किया जाना है। इसे लेकर सभी कोषांग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी तैयारियां पूरी करें।
बैठक के अंत में उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को सतर्कता, जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वाचन कार्य संपादित करने का निर्देश दिया।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


