देवघर। नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव से जुड़े विभिन्न कोषांगों द्वारा किए जा रहे कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान डीसी ने मतदान कर्मियों के लिए जिला स्तर पर डाटाबेस निर्माण, विधि व्यवस्था और आचार संहिता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए यह जरूरी है कि सभी पदाधिकारी और कर्मी पूरी तरह प्रशिक्षित हों तथा फीडबैक मैनेजमेंट के आधार पर कार्य करें, ताकि किसी भी स्तर पर समस्या उत्पन्न न हो। सभी कोषांगों के वरीय पदाधिकारियों को नियमित बैठक कर प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में सभी मतदान केंद्रों के निरीक्षण, एएमएफ की उपलब्धता और लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। कार्मिक, सूचना तकनीकी, निर्वाचन, सामग्री, मतपत्र एवं मतपेटिका, परिवहन, मीडिया, प्रशिक्षण, प्रेक्षक, निर्वाचन व्यय अनुश्रवण, अभ्यर्थी व्यय लेखा, विधि व्यवस्था सह आचार संहिता, हेल्पलाइन एवं जनशिकायत कोषांग सहित अन्य कोषांगों की गहन समीक्षा की गई। साथ ही मतदान केंद्रों की स्थापना, वार्ड पार्षद आरक्षण व आवंटन के बाद जिला गजट प्रकाशन, मतपेटिका की उपलब्धता व मरम्मति, सुरक्षा बलों और वाहनों की आवश्यकता व उपलब्धता, सामान्य, संवेदनशील व अति संवेदनशील बूथों की पहचान जैसे बिंदुओं पर भी जानकारी ली गई।
नाम निर्देशन केंद्रों का चयन
नगर पालिका चुनाव को लेकर नाम निर्देशन केंद्रों का चयन किया गया है। देवघर नगर निगम के महापौर पद के लिए अपर समाहर्ता कक्ष, वार्ड पार्षद वार्ड 01 से 12 के लिए स्थापना उप समाहर्ता कक्ष, वार्ड 13 से 24 के लिए अनुमंडल देवघर स्थित कार्यपालक दंडाधिकारी का कक्ष तथा वार्ड 25 से 36 के लिए भूमि सुधार उपसमाहर्ता का कक्ष निर्धारित किया गया है। मधुपुर नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए भूमि सुधार उपसमाहर्ता मधुपुर का कक्ष, वार्ड 01 से 12 के लिए कार्यपालक दंडाधिकारी मधुपुर का कक्ष और वार्ड 13 से 23 के लिए मधुपुर अनुमंडल कार्यालय भवन को नाम निर्देशन केंद्र बनाया गया है। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और संबंधित कोषांगों के अधिकारी उपस्थित रहे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


