बेंगलुरु । मंजनाथनगर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां कन्नड़ फिल्मों की अभिनेत्री उर्मिला उर्फ बिंदु ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने लिव-इन पार्टनर की बेरहमी से हत्या कर दी। बजरंगी, पुलिस क्वार्टर्स और कालभैरव जैसी फिल्मों में छोटे किरदार निभाने वाली उर्मिला पर आरोप है कि उसने अपने दूसरे साथी विनय से शादी करने के लिए इस ट्रायंगल मर्डर की साजिश रची। इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने उर्मिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मृतक की पहचान मोहन राव के रूप में हुई है।
वारदात वाली रात पार्टी के दौरान जब मोहन राव शराब के नशे में थे, तब उन पर घर के अंदर ही घातक हमला किया गया। विनय ने अपने दोस्त धनुष की मदद से मोहन पर चाकू से कई वार किए। जब जख्मी मोहन ने जान बचाने के लिए चिल्लाना शुरू किया, तो उर्मिला ने क्रूरता की हदें पार करते हुए उनके मुंह और नाक पर टेप चिपका दी और हाथ-पैर बांध दिए। चोटों और दम घुटने के कारण मोहन की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद तीनों आरोपी घर में ताला लगाकर फरार हो गए।
इस खौफनाक हत्याकांड का खुलासा वारदात के करीब 12 दिन बाद हुआ। पड़ोसियों को जब बंद घर से असहनीय बदबू आने लगी, तो उन्होंने मकान मालिक को सूचित किया। 28 फरवरी को पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा, तो अंदर मोहन राव का शव बेहद सड़ी-गली हालत में मिला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उर्मिला, विनय और धनुष को दबोच लिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि हत्या की कड़ियों को पूरी तरह जोड़ा जा सके। जानकारी के अनुसार, मृतक मोहन राव छोटे स्तर का फाइनेंस बिजनेस करते थे और अपनी पत्नी से अलग होने के बाद उर्मिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। उर्मिला भी अपने पति के साथ नहीं रहती थी। करीब दो महीने पहले ही दोनों ने मंजनाथनगर में एक मकान किराए पर लिया था। जांच में सामने आया है कि उर्मिला और उसके प्रेमी विनय ने मिलकर मोहन को रास्ते से हटाने का मन बना लिया था। योजना के तहत 18 फरवरी को उसी घर में एक पार्टी रखी गई, जहां उर्मिला और मोहन साथ रहते थे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


