मुंबई । फिल्म अभिनेता सैफ अली खान बांद्रा स्थित अपने घर पर घुसे अज्ञात व्यक्ति के चाकू के हमले में घायल हो गए हैं। उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मुंबई पुलिस ने कहा है कि अभिनेता के घर पर घुसे व्यक्ति की पहले उनकी नौकरानी से बहस हुई। इस बीच सैफ पहुंचे और उन्होंने उस व्यक्ति से कारण पूछा तो उसने उनपर चाकू से हमला कर दिया।
लीलावती अस्पताल के सीओओ डॉ. नीरज उत्तभानी ने बताया कि सैफ को उनके यहां तड़के साढ़े तीन बजे लाया गया। उनके शरीर पर छह जख्म मिले हैं। रीढ़ की हड्डी और गले के पास गहरी चोट है। सुबह साढ़े पांच बजे उनकी सर्जरी की गई। वह खतरे से बाहर हैं। पुलिस का कहना है कि उनके निजी सुरक्षागार्डों और निजी स्टाफ के सदस्यों के मोबाइल फोन की जांच की जा रही है।
फिल्म अभिनेता सैफ अली खान का बांद्रा की सतगुरु शरण बिल्डिंग में आलीशान थ्री बेडरूम अपार्टमेंट है। इसमें छत, बालकनी और स्विमिंग पूल भी है। इस अपार्टमेंट में सैफ करीना कपूर खान और बच्चे तैमूर और जेह भी उनके साथ रहते हैं।
सैफ अली हमला मामला : घर के सभी नौकरों से पुलिस कर रही पूछताछ, खंगाले जा रहे सीसीटीवी
बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले को लेकर मुंबई डीसीपी का बयान सामने आया है। उन्होंने बताया कि बुधवार रात 2-3 बजे सूचना मिली कि एक्टरर सैफ अली खान पर किसी ने हमला कर दिया है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस पूरे मामले की कई पहलुओं से जांच की जा रही है। वहीं, एक्टर की हालत में अब स्थिर बताई जा रही है। वह खतरे से बाहर हैं।
जानकारी के मुताबिक चोरी की मंशा से आए आरोपियों ने एक्टर सैफ अली खान पर चाकू से हमला किया था। पुलिस इस घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। अब तक इस मामले में सात टीमों का गठन किया गया है। वहीं पुलिस ने इस मामले में सैफ के घर में काम करने वाले नौकरों को हिरासत में लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है।
वहीं लीलावती अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि सैफ अली खान को छह बार चाकू घोंपा गया है जिनमें से दो जख्म गहरे हैं। डॉक्टर ने कहा कि जख्म रीढ़ की हड्डी के पास है। न्यूरोसर्जन समेत डॉक्टरों की टीम उनका ऑपरेशन कर रही है। मामले को लेकर सैफ अली खान और करीना कपूर की टीम ने एक बयान जारी किया है। दोनों ने अपने फैंस से धैर्य बनाए रखने की अपील की है। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त करीना कपूर अपने बच्चों के साथ घर पर ही थी। इस बीच ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने इस हमले की गहन जांच की मांग की है।


