डिजिटल ताकत और बूथ मैनेजमेंट पर भाजपा का फोकस, दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का भव्य आगाज
नमो ऐप से बूथ तक पहुंचेगी भाजपा की रणनीति, दुमका में नेताओं ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
दुमका: भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत गुरुवार को बासुकीनाथ स्थित वीणा विहार होटल में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का भव्य शुभारंभ हुआ। दुमका जिला भाजपा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, डिजिटल माध्यमों के उपयोग और आगामी चुनावी रणनीति पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल ने की, जबकि पूर्व विधायक एवं जिला वर्ग अधिकारी नारायण दास विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण तथा वंदे मातरम् के सामूहिक गान के साथ हुई।

प्रशिक्षण वर्ग के पहले दिन नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और प्रशासनिक विफलता के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता विकास और पारदर्शी शासन की उम्मीद कर रही है, लेकिन वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर सरकार की नीतियों को जनता के सामने रखने और केंद्र सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही आगामी चुनावों को देखते हुए बूथ स्तर पर संगठन को और सक्रिय बनाने पर जोर दिया। राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा ने “कार्य विस्तार की हमारी दृष्टि” विषय पर बोलते हुए कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का आंदोलन है। उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने सोशल मीडिया, नमो ऐप और आधुनिक तकनीकों के अधिक उपयोग पर बल देते हुए कहा कि डिजिटल माध्यमों से पार्टी की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों को तेजी से जन-जन तक पहुंचाया जा सकता है।

पूर्व राज्यसभा सांसद अभयकांत प्रसाद ने पार्टी के इतिहास और विकास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा त्याग, तपस्या और वैचारिक संघर्ष की परंपरा से बनी पार्टी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा को आत्मसात कर समाज के बीच सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। प्रशिक्षण वर्ग के विभिन्न सत्रों में वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक और व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया। पूर्व विधायक नीरा यादव ने देश की प्रमुख चुनौतियों और उनके समाधान पर चर्चा की, जबकि युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने युवाओं में ऊर्जा भरते हुए संगठन की मजबूती पर जोर दिया। तकनीकी सत्र में मिल्टन पाठ सारथी ने सोशल मीडिया, नमो ऐप और सरल ऐप के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी।कार्यक्रम में प्रदेश पदाधिकारी, विधायक, पूर्व सांसद, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


