लातेहार । जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के गुरतुर गांव में शुक्रवार को ओझा-गुनी के शक में केशव राम (65)की टांगी से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक गुरतुर गांव का रहने वाला है। घटना के आरोप में पुलिस ने गांव की एक महिला सुनीता कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लाेगाें के अनुसार केशव राम अपने घर के पास बैठे थे। इसी दौरान सुनीता कुमारी वहां टांगी लेकर आई और केशव राम पर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपित महिला का आरोप है कि केशव राम ओझा गुनी के सहारे सबसे पहले उसके पिता को मार डाला था। अब वह उसे भी नुकसान कर रहा है। इसी कारण उसने केशव राम को मारा है ।
इधर घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि यह घटना अंधविश्वास के कारण हुई है। उन्होंने कहा कि मृतक के शव काे पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


