दुमका: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद दुमका इकाई ने सोमवार को फूलो झानो मेडिकल कॉलेज में छात्रहित और जनहित से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर कॉलेज प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान परिषद के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज का नाम बदले जाने पर कड़ा विरोध दर्ज कराया और विद्यार्थियों के लिए मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की।
मौके पर मौजूद जिला संयोजक अभिषेक गुप्ता ने संगठन की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि एबीवीपी हमेशा से छात्र और समाज के हितों के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने कॉलेज का नाम ‘फूलो झानो मेडिकल कॉलेज’ से बदलकर ‘गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज’ किए जाने पर गहरी आपत्ति जताई। गुप्ता ने कहा कि यह नाम संथाल परगना की क्षेत्रीय पहचान और जनभावनाओं से जुड़ा हुआ है। परिषद ने मांग की है कि कॉलेज का पुराना नाम तुरंत बहाल किया जाए ताकि क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित रहे।
नाम के विवाद के साथ-साथ परिषद ने कॉलेज की आंतरिक व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि कैंपस में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा पुख्ता की जाए। इसके अलावा छात्रावासों में स्वच्छ पेयजल, निर्बाध बिजली, साफ-सुथरे शौचालय, गुणवत्तापूर्ण भोजन, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और इंटरनेट जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। परिषद का मानना है कि इन सुविधाओं के अभाव में विद्यार्थियों के शैक्षणिक वातावरण पर बुरा असर पड़ रहा है।
अभिषेक गुप्ता ने कॉलेज प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इन मांगों पर जल्द ही संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो विद्यार्थी परिषद उग्र आंदोलन और धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में होने वाले किसी भी विरोध प्रदर्शन की पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर विभाग संगठन मंत्री हिमांशु दुबे, जिला संयोजक अभिषेक गुप्ता, कृष्णम भुवानिया, मनीष मंडल, राज केसरी, पंकज कुमार सहित परिषद के कई अन्य कार्यकर्ता और छात्र उपस्थित रहे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


