आरोपी ने बीते 01 दिसंबर को भी घात लगाकर दुष्कर्म करने की कोशिश की थी, ऐन वक्त राहगीरों के आने से पीड़िता की अस्मत बची थी
जरमुंडी । जरमुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत धावाटांड़ गांव में शौच करने गई एक 35 वर्षीया विधवा महिला को चाकू का भय दिखाकर गांव के ही एक युवक ने जबरन बलात्कार की घटना को अंजाम दिया। इस संदर्भ में पीड़िता (सुनीता देवी काल्पनिक नाम) 35 वर्ष ने धावाटांड़ निवासी सुशील मुर्मू (23 वर्ष) पिता बड़कू मुर्मू के विरुद्ध जरमुंडी थाने में कांड संख्या 05/2026 दिनांक 06-01-2026 यूएस-351(3) /75 (i) (ii) / 64(i) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कराया है। मामले को लेकर पीड़िता ने बताया है कि वह बीते सोमवार की सुबह करीब पांच बजे शौच के लिए अपने घर से पश्चिम नदी की ओर गई थी। शौच के बाद वह घर लौट रही थी। इस क्रम में सुशील मुर्मू ने रास्ते में रोक लिया और हाथ पकड़कर जबरन झाड़ी में ले गया और चाकू निकालकर डरा धमका कर उसने जमीन पर गिरा दिया। उसने चाकू का भय दिखाकर बलात्कार किया और घटना की जानकारी किसी को नहीं देने की धमकी दी। इस घटना से आहत पीड़िता ने घर पहुंचकर परिवार के लोगों को जानकारी दी। पीड़िता ने बताया कि आरोपी सुशील मुर्मू ने बीते 01 दिसंबर 2025 को भी बलात्कार करने का प्रयास किया था। वह धान कटवाने सुबह नौ बजे कटहरा गांव धान मिल गई थी। लौटने के दौरान करीब दो बजे जब वह धावाटांड़ नदी के पास पहुंची तो सुशील मुर्मू ने घात लगाकर उसे रोक लिया और शारीरिक संबंध बनाने के लिए हाथ पकड़ कर सुनसान जगह ले जाने लगा। पीड़िता द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी उसे जान से मार देने की धमकी देने लगा। आरोपी सुशील मुर्मू ने पीड़िता को जमीन पर गिरा दिया और जबरन बलात्कार की कोशिश करने लगा। ठीक इसी समय रास्ते से कटहरा की ओर आ रहे कुछ राहगीरों को घटनास्थल के नजदीक आते देखकर वह वहां से भाग गया। पीड़िता ने बताया कि इस घटना की लिखित शिकायत उसके द्वारा पूर्व में भी थाना को दी गई थी। बहरहाल पीड़िता ने लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस द्वारा पीड़िता के लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है।


