संवाददाता
बासुकीनाथ : भागलपुर के सबौर गंगाघाट से 57 फीट का आकर्षक कांवर लेकर श्रद्धालुओं का एक जत्था शुक्रवार को बासुकीनाथ धाम पहुंचा। नाम संकीर्तन कर झूमते गाते कांवरिया भक्त मंडली 57 फीट के कांवर में गंगाजल लेकर पूर्णिमा को सबौर गंगाघाट से पैदल ही रवाना हुई। संजय चौधरी के नेतृत्व में 500 कांवरियों का जत्था जब बासुकीनाथ पहुंचा तो आकर्षण कांवर को देखने की उत्कंठा हर धर्मावलंबी को कौतुहल से भर गई। सबौर से अखंड रामधुन संकीर्तन करते हुए भक्तों की टोली ने शुक्रवार को बासुकीनाथ धाम पहुंचकर
पहले भोलेनाथ का पवित्र जलाभिषेक किया। स्पर्श पूजा और आरती करके कांवरियों ने अपनी कांवर यात्रा को यहीं विराम दिया। बासुकीनाथ मंदिर के पंडा पंडितों ने सभी कांवरिया भक्तों को विधिवत पूजा अर्चना कराया। मंदिर प्रांगण में भव्य आरती के बाद भक्तों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर कांवर यात्रा की शुभकामनाएं दी। इस विराट पैदल कांवर यात्रा की आस्था और शिव के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट भक्ति कठिन तपश्चर्या का प्रतीक बनी रही। आकर्षक कांवर को देखने के लिए भक्तों की भीड़ लग गई। 57 फीट का यह कांवर फूलों और आकर्षक लाइटों से सजाया गया था। इसे सामुहिक तौर पर उठाने के लिए सैकड़ों शिवभक्तों की टोली एक साथ चल रही थी। शिवभक्त गौरव कुमार, संजय चौधरी, संजीव चौधरी, संतोष पांडे, अखिलेश चौधरी ,निशाकर मिश्रा आदि ने बताया कि बाबा धाम देवघर में जलार्पण करने के पश्चात भक्त मंडली कांवर लेकर बासुकीनाथ धाम की यात्रा के लिए निकले थे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


