नोनीहाट धौबेय नदी के पास पानी का पाईप लिकेज
जरमुंडी । जरमुंडी में लगातार पांचवें दिन पेयजल की किल्लत बनी रही।जरमुंडी में पांचवें दिन बुधवार को भी पेयजलापूर्ति नहीं होने से पेयजल की समस्या उत्त्पन्न हो गयी है। नोनीहाट धोबैय नदी के पास पानी के पाईप लाइन में लिकेज की समस्या के कारण पेयजलापूर्ति नहीं हो पा रही है, इससे स्थानीय लोग परेशान हैं। पानी की किल्लत के कारण लोग 20-30 रूपये प्रति जार पानी खरीदकर पीने को विवश हैं। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की लापरवाही से आए दिनों जरमुंडी के नागरिकों को जलापूर्ति की समस्या से दो-चार होना पड़ रहा है। बावजूद विभाग कुम्भकर्णी निद्रा में सोया हुआ है। बता दें कि नोनीहाट स्थित धोबैय नदी के पास पानी के पाईप के लिकेज की समस्या पांचवें दिन भी दुरूस्त नहीं होने से नागरिक परेशान है। संवेदक एजेंसी अन्ना कारपोरेशन को जलापूर्ति का कार्यभार विभाग द्वारा सौंपा गया है, लेकिन संवेदक की लापरवाही बदस्तूर जारी है। नागरिकों को पीने का पानी अन्य जगहों से जाकर लाना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि विभाग के अधिकारी व स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पूर्व वार्ड पार्षद से कई बार पेयजल समस्या दूर करने की शिकायत की गई, बावजूद इस दिशा में अभी तक कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई है। विभाग द्वारा संबंधित एजेंसी के कार्यों की ठीक से मॉनिटरिंग नहीं किए जाने से एजेंसी द्वारा निरंतर लापरवाही बरती जा रही है। इससे स्थानीय नागरिकों को जलापूर्ति की समस्या से जुझना पड़ रहा है। बता दें कि कुछ दिनों पूर्व भाल्व खराब हो गया था, जिससे करीब दो सप्ताह जलापूर्ति बाधित हो गई। भाल्व की मरम्मती में संवेदक एजेंसी ने दो सप्ताह लगा दिया। जिसका खामियाजा नागरिकों को भुगतनी पड़ी। पाइप लाइन में लिकेज की समस्या है जो ठीक नहीं रहा है। विभाग के सहायक अभियंता पीबी कच्छप ने बताया कि संबंधित टेक्नीशियन को कहा गया है जल्द ही पाइप लाइन की मरम्मति कर जलापुर्ति शुरू कराया जायेगा।


