प्रमंडलीय अध्यक्ष लक्ष्मण मंडल ने संघ के प्रत्याशी लालमोहन राय के नाम की घोषणा की
जरमुंडी । जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र से ग्राम प्रधान संघ की ओर से अपना प्रत्याशी उतारने की घोषणा की गई है। इस संदर्भ में प्रमंडलीय अध्यक्ष लक्ष्मण मंडल ने आगामी विधानसभा चुनाव में संघ की ओर से लालमोहन राय को जरमुंडी विधानसभा का प्रत्याशी घोषित किया। ग्राम प्रधान संघ के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य पर जरमुंडी के कटेली गांव में आयोजित एक समारोह में प्रधानों और लेखा होड़ ने एकजुट होकर समर्थन में नारे लगाये एवं प्रमंडलीय अध्यक्ष केनिर्णय का स्वागत किया। बता दें कि ग्राम प्रधान संघ की स्थापना दिवस के मौके पर गुरुवार को जरमुंडी प्रखंड के कुशमाहा पंचायत अंतर्गत कटेली गांव में एक समारोह आयोजित हुआ। इस मौके पर कार्यक्रम का विधिवत उदघाटन प्रमंडलीय अध्यक्ष लक्ष्मण मंडल, मुखिया दामोदर गृही, प्रखंड अध्यक्ष गौरीशंकर पांडेय व जिला अध्यक्ष लालमोहन राय ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। मौके पर प्रमंडलीय अध्यक्ष लक्ष्मण मंडल ने समारोह को संबोधित करते हुए यहां कहा कि संथाल परगना के ग्राम प्रधान वर्तमान समय में कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे हैं। ग्राम प्रधानों का अधिकार छीना जा रहा है। ग्राम प्रधानों को अपने अधिकारों की रक्षा हेतु सतर्क और सजग रहना जरूरी है। जिला अध्यक्ष लालमोहन राय ने कहा कि ग्राम प्रधान एवं लेखा होड़ एकजूट होकर संगठन का कार्य करें। जितनी भी समस्याएं हैं उसका समाधान किया जाएगा। मुखिया दामोदर गृही ने ग्राम्य विकास हेतु ग्राम प्रधानों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।उन्होंने ग्राम प्रधानों की भूमिका को लेकर विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर बैठक में गोविंद पंजियारा, बटेश्वर किस्कू, नीलम देवी, कृष्णा मंडल, अशोक मंडल आदि प्रधान मौजूद थे।


