दुमका। दुमका जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के जोगिया स्थित संत पीटर स्कूल में छात्राओं के साथ कथित यौन उत्पीड़न के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में आक्रोशित अभिभावकों ने विद्यालय परिसर से लेकर रामगढ़ थाना तक जमकर प्रदर्शन किया और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार को स्कूल की वार्डन नीली टुडू को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि स्कूल संचालक इमानुएल मुर्मू फिलहाल फरार है।
————-
पीड़िता के पिता के आवेदन पर हुई प्राथमिकी

पीड़िता के पिता की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर रामगढ़ थाना में स्कूल संचालक इमानुएल मुर्मू और वार्डन नीली टुडू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने वार्डन को गिरफ्तार कर लिया है और उसे जेल भेजने की प्रक्रिया चल रही है। जरमुंडी एसडीपीओ नवल किशोर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
————-
10 हजार नामांकन और ₹3500 मासिक फीस, पर बुनियादी सुरक्षा तक नहीं
थाना पहुंचे आक्रोशित अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना है कि स्कूल में नामांकन के नाम पर ₹10,000 और प्रतिमाह ₹3,500 फीस वसूली जाती है, लेकिन इसके बावजूद बच्चों की सुरक्षा के लिए कोई बुनियादी इंतजाम नहीं हैं। अभिभावकों ने विद्यालय को बंद करने और पीड़ित छात्राओं को न्याय दिलाने की मांग की। वहीं, कुछ अभिभावकों ने बच्चों की पढ़ाई बाधित होने की चिंता जताते हुए प्रशासन से सुरक्षा के साथ शैक्षणिक व्यवस्था सुचारू रखने की अपील भी की।
————-
शिक्षा विभाग की जांच में खुली अव्यवस्थाओं की पोल
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी के निर्देश पर बीआरपी नजीसूल हक ने विद्यालय का निरीक्षण किया। जांच के दौरान विद्यालय प्रबंधन आवश्यक दस्तावेज और रजिस्टर तक उपलब्ध नहीं करा सका। परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी नदारद मिले। इसके अलावा भवन, छात्रावास और बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता व पौष्टिकता को लेकर भी कई गंभीर खामियां सामने आईं। बीआरपी ने अव्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए विद्यालय में तालाबंदी की कार्रवाई की बात कही है।
————-
फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और मान्यता रद्द करने की मांग
घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। भाजपा एसटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष रमेश मुर्मू ने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच में संचालक की संलिप्तता प्रमाणित होने पर विद्यालय की मान्यता रद्द की जाए और जिले के सभी विद्यालयों व छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच हो।
वहीं, समाजसेवी जीतलाल राय ने इस घटना को शर्मनाक बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों का नामांकन कराने से पहले विद्यालय व छात्रावास की सुरक्षा, खानपान और बुनियादी सुविधाओं की पूरी पड़ताल जरूर करें, साथ ही जिले के सभी आवासीय विद्यालयों की जांच कराने की मांग की।
फिलहाल इस मामले ने निजी विद्यालयों और छात्रावासों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और शिक्षा विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।



