नई दिल्ली । संसद में एक बार फिर राजनीतिक घमासान की पटकथा लिखी जा रही है। मोदी सरकार ने लोकसभा में परिसीमन बिल को लेकर एक नया सियासी दांव चला है। अप्रैल में संविधान संशोधन के लिए दो-तिहाई बहुमत से चूक चुकी सरकार अब विपक्षी खेमे में सेंध लगाने की तैयारी में है। लोकसभा और राज्यसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है, जहां इस महत्वपूर्ण विधेयक पर चर्चा होनी है। मोदी कैबिनेट ने हाल ही में परिसीमन बिल को मंजूरी दी है, जिसके तहत राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक की वृद्धि का प्रावधान है। इस प्रस्तावित विस्तार से लोकसभा में सीटों की संख्या मौजूदा 543 से बढ़कर अधिकतम 850 तक हो सकती है।
हालांकि, अगले 25 वर्षों तक राज्यों का मौजूदा अनुपात यानी हिस्सेदारी वैसी ही बनी रहेगी। सरकार को इस संविधान संशोधन के लिए दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता है, जिसे हासिल करने के लिए क्षेत्रीय दलों का समर्थन अहम साबित हो रहा है। सरकार संसद के विशेष सत्र से पहले प्रस्तावित विधेयक को पारित कराने के लिए एनडीए के बाहर भी समर्थन जुटाने में लगी है। इस कोशिश में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने परिसीमन बिल पर सशर्त समर्थन का ऐलान कर दिया है। वहीं, डीएमके और वाईएसआर कांग्रेस के रुख में भी नरमी के संकेत दिख रहे हैं, जिन्होंने अपनी चिंताओं के समाधान पर समर्थन देने की बात कही है। एनसीपी (शरदचंद्र पवार) ने सभी राज्यों में सीटों की संख्या में समान 50प्रतिशत वृद्धि की शर्त रखी है, जबकि डीएमके और वाईएसआर कांग्रेस अपनी क्षेत्रीय हिस्सेदारी सुनिश्चित करने पर जोर दे रहे हैं। इन दलों के नरम रुख से विपक्षी एकजुटता कमजोर पड़ती नजर आ रही है। माना जा रहा है कि तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) से अलग हुए सांसद, साथ ही शिरोमणि अकाली दल भी सरकार के संख्या बल को मजबूत कर सकते हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी इस विधेयक का कड़ा विरोध कर रही हैं। कांग्रेस का तर्क है कि 2023 के कानून के तहत दिया गया 33प्रतिशत महिला आरक्षण कोटा नए परिसीमन की प्रक्रिया से जोड़ने के बजाय मौजूदा 543 सीटों के भीतर ही लागू किया जाना चाहिए। वहीं, अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी का तर्क है कि परिसीमन से पहले जनगणना होनी चाहिए। आगामी विशेष सत्र में क्षेत्रीय दलों का रुख और विपक्षी खेमे की रणनीति इस महत्वपूर्ण विधेयक के भविष्य का फैसला करेगी। सरकार के लिए दो-तिहाई बहुमत हासिल करना एक बड़ी चुनौती है, और क्षेत्रीय दलों की भूमिका निर्णायक साबित होगी।




