नई दिल्ली । ट्रेन में सफर करना कई बार अपने आप में एक चुनौती होती है, लेकिन अगर आपकी सीट ही गायब हो जाए तो क्या होगा? कल्पना कीजिए, आप देर रात ट्रेन में सफर करने निकलते हैं। आपकी टिकट पर सीट नंबर 54 लिखा है, लेकिन जब आप अपने कोच में प्रवेश करते हैं और सीट खोजने लगते हैं, तो 49, 50, 51, 52 तक ही सीट नंबर दिखते हैं। पूरा कोच खत्म हो जाता है, लेकिन सीट नंबर 54 वहां मौजूद ही नहीं है। इंसान बैठे तो बैठे कहां और सफर करे तो कैसे? यह महज कल्पना नहीं है, बल्कि हाल ही में एक यात्री के साथ ऐसा ही हैरान कर देने वाला वाकया हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, ईशान बाजपेयी नाम के एक यात्री वाराणसी सिटी से गोरखपुर की यात्रा के लिए ट्रेन नंबर 15132, बीसीवाई एनपीआर एक्सप्रेस में टिकट कराई थी। उनका टिकट कन्फर्म हो गया और उन्हें एसी 2-टियर के ए1 कोच में साइड अपर बर्थ पर सीट नंबर 54 आवंटित की गई थी। हालांकि, जब ईशान रात में अपनी कोच में पहुंचे, तो उन्होंने पाया कि उस कोच में कुल 52 बर्थ ही थे। सीट नंबर 54 वहां मौजूद ही नहीं थी। यह देख उनका दिमाग चकरा गया। देर रात हुई इस अजीबोगरीब समस्या से ईशान बुरी तरह परेशान हो गए। उन्हें समझ नहीं आया कि बिना सीट के वे सफर कैसे करें। अपनी परेशानी को उजागर करते हुए उन्होंने तुरंत कोच के अंदर का एक वीडियो रिकॉर्ड किया और इसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दिया। उन्होंने अपने पोस्ट में रेल मंत्रालय और रेलवे सेवा को टैग किया। पोस्ट के मुताबिक, उनके टिकट का स्टेटस सीएनएफ/ए1/54/एसयू दिखा रहा था, यानी कोच ए1 में बर्थ नंबर 54 कंफर्म था, लेकिन हकीकत में ऐसी कोई सीट थी ही नहीं।
ईशान ने अपनी पोस्ट में रात करीब पौने 11 बजे की इस मुसीबत का जिक्र करते हुए अपनी नाराजगी जताई। उन्होंने लिखा कि देर रात बिना कंफर्म सीट के यात्रा करना बेहद निराशाजनक है। उन्होंने यह भी बताया कि वे पहले ही रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर अपनी शिकायत दर्ज करा चुके थे, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोगों ने इस पर खूब प्रतिक्रियाएं दीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे सेवा ने सोशल मीडिया पर ही माफी मांगी। रेलवे ने बताया कि शिकायत को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को भेज दिया गया है। साथ ही, यात्रियों को जल्द से जल्द सहायता के लिए रेल मदद पोर्टल या हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करने की सलाह भी दी गई। भले ही रेलवे ने इस अजीबोगरीब गलती के लिए माफी मांग ली हो, लेकिन यह घटना भारतीय रेलवे की बुकिंग प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। आखिर 52 बर्थ वाले कोच में 54 नंबर की सीट कैसे आवंटित हो गई, और यात्री को अपनी यात्रा बिना सीट के कैसे पूरी करनी पड़ी, यह एक बड़ा प्रश्न बना हुआ है।



