मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को दी चेतावनी, एडवाइजरी का सख्ती से पालन करने को कहा
नई दिल्ली । पाकिस्तानी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ को भारत सरकार ने बैन कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को चेतावनी देते हुए 8 मई 2025 को जारी एडवाइजरी का सख्ती से पालन करने को कहा है। इस एडवाइजरी के तहत पाकिस्तान में बनी किसी भी फिल्म या वेब सीरीज को भारत में स्ट्रीम नहीं किया जा सकता।
मंत्रालय को हाल ही में ऐसी शिकायतें मिली थीं कि ये पाकिस्तानी सीरीज भारत में रिलीज हो सकती है, जिसके बाद सरकार ने नेटफ्लिक्स को जून 2025 में किए गए उसके उसी वादे की याद दिलाई है, जिसमें प्लेटफॉर्म ने भारत में कोई भी पाकिस्तानी कंटेंट उपलब्ध न कराने का भरोसा दिया था। मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से कहा है कि वो जून में किए गए अपने वादे पर कायम रहे और पाकिस्तान में बने कंटेंट को भारत में उपलब्ध न कराए।
बता दें ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ पहली नेटफ्लिक्स की ओरिजनल पाकिस्तानी वेब सीरीज है। ये सीरीज ग्लोबली 4 दिसंबर से स्ट्रीम होगी। सीरीज दुनिया भर के 191 देशों में उपलब्ध दिखाई जाएगी। इस सीरीज को लेकर काफी विवाद था। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर इसपर बैन लगाने की मांग की थी। ये सीरीज 2 पार्ट्स में रिलीज होगी। पहले पार्ट में 5 एपिसोड हैं और टोटल 13 एपिसोड रिलीज होने की उम्मीदें हैं। इस सीरीज में 3 जेनरेशन की 6 लव स्टोरीज दिखाई जाएगी। हाल ही में इसका ट्रेलर रिलीज हुआ। ट्रेलर इंडिया में अभी देखा जा सकता है।




