अब वंदे भारत सहित सभी ट्रेनों में मुफ्त यात्रा बहादुर जवान, वीरता पुरस्कार विजेताओं को बड़ी सौगात
नई दिल्ली । केंद्र सरकार ने चक्र सीरीज के वीरता पुरस्कार विजेताओं को बड़ी सौगात दी है। अब ये वीर (परमवीर चक्र, महावीर चक्र से लेकर शौर्य चक्र तक के विजेता) वंदे भारत एक्सप्रेस सहित देश की सभी ट्रेनों में मुफ्त यात्रा का लाभ उठा सकेंगे। रेल मंत्रालय ने रक्षा मंत्रालय के परामर्श के बाद यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है, जिसका उद्देश्य देश के इन बहादुर सपूतों के सम्मान में वृद्धि करना है। यह सुविधा उनके पहले से उपलब्ध यात्रा अधिकारों और सुविधाओं में कोई बदलाव किए बिना प्रदान की गई है, बल्कि इसका दायरा और विस्तृत किया गया है।
भारतीय सेना ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस फैसले की जानकारी साझा करते हुए इसे वीरता और बलिदान के सम्मान में एक महत्वपूर्ण कल्याणकारी पहल बताया। सेना के अनुसार, यह कदम देश के योद्धाओं के असाधारण साहस, निस्वार्थ बलिदान और राष्ट्र सेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए रेलवे और रक्षा मंत्रालय की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। चक्र सीरीज के वीरता पुरस्कारों में सर्वोच्च परमवीर चक्र, अशोक चक्र, महावीर चक्र, कीर्ति चक्र, वीर चक्र और शौर्य चक्र शामिल हैं। आजादी के बाद 26 जनवरी 1950 को परमवीर चक्र, महावीर चक्र और वीर चक्र की स्थापना हुई थी, जिन्हें 15 अगस्त 1947 से प्रभावी माना गया। बाद में अशोक चक्र, कीर्ति चक्र और शौर्य चक्र भी शुरू किए गए। पहले इन पुरस्कार विजेताओं को कॉम्प्लिमेंट्री कार्ड पास मिलते थे, जिससे उन्हें आजीवन मुफ्त रेल यात्रा की सुविधा मिलती थी। हालांकि, यह सुविधा यात्रा की श्रेणी और कुछ विशेष ट्रेनों तक ही सीमित थी। फरवरी 2014 में परमवीर चक्र और महावीर चक्र विजेताओं को राजधानी, शताब्दी जैसी ट्रेनों में प्रथम एसी या एग्जीक्यूटिव क्लास में यात्रा की अनुमति मिली थी, और अगस्त 2017 में अशोक चक्र तथा कीर्ति चक्र विजेताओं को भी समान सुविधा दी गई। लेकिन अब नई व्यवस्था के तहत, इन सभी सीमाओं को समाप्त करते हुए, इस सुविधा का विस्तार सभी प्रकार की ट्रेनों तक कर दिया गया है, जिससे उनकी यात्रा पहले से कहीं अधिक सुविधाजनक और सुलभ हो जाएगी। यह फैसला देश के वीरों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।




