गढ़वा । पलामू से सटे गढ़वा जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत ऊपरी टोला (पथलाही टोला) में जंगली हाथी ने एक अधेड़ किसान को कुचल कर मार डाला। किसान मवेशियों को लेकर सुबह-सुबह जंगल से सटे खेत की ओर चराने जा रहा था। अंधेरा होने के कारण हाथियों की गतिविधियां समझ नहीं आई और किसान मौत का शिकार हो गया।
मृतक किसान की पहचान ऊपरी टोला निवासी 50 वर्षीय संतोषी यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद उग्र ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे वन कर्मियों को घेर लिया है। बंधक बनाए जाने की चर्चा है।

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार अहले सुबह संतोषी यादव अपने मवेशियों को चराने के लिए जंगल से सटे खेत की ओर लेकर जा रहे थे। इसी क्रम में अचानक जंगल की ओर से हाथी निकले और संतोषी यादव पर हमला कर दिया। सूढ से लपेट के कई बार पटका और फिर घसीटते हुए जंगल की ओर ले गए और कुचलकर मार डाला। बाद में शव को क्षत विक्षत करके मौके पर छोड़ दिया। निर्धारित समय होने के बाद भी जब संतोषी यादव वापस घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। जंगल से सटे खेत की ओर जाने पर उन्हें हाथियों के पद चिन्ह मिले। ग्रामीण ढूंढते हुए जंगल की ओर गए तो उन्हें संतोषी यादव का शव क्षत विक्षत अवस्था में मिला।
घटना की जानकारी होने पर ग्रामीण एकजुट हुए और उचित मुआवजा के साथ-साथ हाथियों से होने वाली समस्या का स्थायी समस्या का समाधान की मांग को लेकर मौके पर पहुंचे वन कर्मियों को घेर लिया। ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।



