पूर्वी सिंहभूम । संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को मूलनिवासी संघ की ओर से मूलनिवासी बहुजन समाज की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान संगठन की ओर से राष्ट्रपति के नाम संबोधित मांगपत्र पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त के माध्यम से सौंपा गया। ज्ञापन में ओबीसी, एससी, एसटी और अल्पसंख्यक समुदायों के सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और राजनीतिक अधिकारों की सुरक्षा के लिए तत्काल संवैधानिक कदम उठाने की मांग की गई।
मूलनिवासी संघ ने अपने मांगपत्र में देशभर में सभी जातियों और वर्गों की जाति आधारित जनगणना कराने तथा उनकी आबादी के अनुपात में केंद्र और राज्य सरकार के सभी विभागों में प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके अलावा राष्ट्रीय न्यायिक आयोग का गठन कर जिला न्यायालयों, उच्च न्यायालयों और सर्वोच्च न्यायालय में ओबीसी, एससी, एसटी एवं अल्पसंख्यक समुदायों को समुचित प्रतिनिधित्व और आरक्षण देने की मांग उठाई गई।
संगठन ने कहा कि इन समुदायों के सामाजिक एवं शैक्षणिक विकास के लिए केंद्रीय बजट में अलग से पर्याप्त राशि का प्रावधान होना चाहिए। संबंधित वर्गों के विकास के लिए निर्धारित राशि का इस्तेमाल उसी उद्देश्य से किया जाए और उसे दूसरे विभागों या योजनाओं में स्थानांतरित नहीं किया जाए।
इस अवसर पर झारखंड में ओबीसी आरक्षण बढ़ाकर 60 प्रतिशत लागू करने की मांग भी उठाई गई। संगठन ने कहा कि संविधान में प्रदत्त अधिकारों और सामाजिक न्याय की अवधारणा को धरातल पर उतारने के लिए सरकार को ठोस पहल करनी चाहिए। मूलनिवासी संघ ने इसे फुले-शाहू-अंबेडकर के विचारों से प्रेरित आंदोलन बताते हुए बहुजन समाज के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प जताया।
वहीं, संविधान दिवस के मौके पर पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक (पीपीआईडी) की ओर से भी राष्ट्रव्यापी संविधान महोत्सव, संविधान प्रबोधन और पथ संचलन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा 10 संवैधानिक प्रावधानों को लागू कराने की मांग की गई।
इस दौरान झारखंड राज्य स्थापना दिवस के संदर्भ में राज्य निर्माण से जुड़े उद्देश्यों और सामाजिक न्याय के सवालों को भी प्रमुखता से उठाया गया।






